स्तुति - सौरभ कुदेशिया

ईसा पूर्व हज़ारों साल पहले कौरवों और पांडवों के मध्य हुए संघर्ष को आधार बना कर ऋषि वेद व्यास द्वारा उच्चारित एवं गणेश द्वारा लिखी गयी महाभारत अब भी हमें रोमांचित करती है। इस महागाथा में कृष्ण का चरित्र अपनी तमाम कूटनीतियों और छल-कपट के साथ अपने विराट स्वरूप में हमारे समक्ष आता है। तमाम उलट फेरों और रहस्यमयी साजिशों एवं चरित्रों से सुसज्जित इस कहानी के मोहपाश से नए पुराने रचनाकार भी बच नहीं पाए हैं। परिणामतः इस महान ग्रंथ की मूल कहानी पर आधारित कभी कोई फ़िल्म..नाटक..कहानी या उपन्यास समय समय पर हमारे सामने अपने वजूद में आता रहा है।

इसी रोमांचक कहानी के कुछ लुप्तप्राय तथ्यों को ले कर सौरभ कुदेशिया हमारे समक्ष अपना पाँच खंडों वाला थ्रिलर उपन्यास ले कर आए हैं। इस वृहद उपन्यास के प्रथम खंड 'आह्वान' की कहानी में एक रोड एक्सीडेंट में मारे गए व्यक्ति के लॉकर में रखी गयी उसकी वसीयत में एक अजीबोगरीब चित्र के अलावा और कुछ नहीं मिलता है। गूढ़ पहेली की तरह लिखी गयी वसीयत की गुत्थी सुलझाने की कोशिशों के तहत की जा रही तहकीकात के दौरान गुप्त संकेतों और अजीबोगरीब लाशों के मिलने से सिंपल मर्डर मिस्ट्री जैसी नज़र आने वाली यह कहानी हर बढ़ते पेज के साथ सुलझने के बजाय मकड़जाल की भांति तब और अधिक उलझती जाती है जब एक एक कर के और भी कई हत्याएँ तथा अनहोनी घटनाएँ सर उठा..सामने आने लगती हैं।

नए और पुराने के फ्यूज़न से रची इस हॉलीवुडीय स्टाइल की कहानी में एक तरफ़ महाभारत और गीता के गूढ़ रहस्य हैं तो दूसरी तरफ़ उन्हीं गूढ़ रहस्यों से परत दर परत निकलते गुप्त संकेतों को समझने..उन्हें डिकोड करने को दिमागी कसरत एवं कवायद करते कुछ लोग। 

दोस्तों..अब बात कल्पना और मिथक के समावेश से लिखे गए इस वृहद उपन्यास के अगले यानी कि दूसरे खंड 'स्तुति' की। अनेक दबे या छिपे रह गए रहस्यों की परतें उधेड़ते इस उपन्यास में महाभारत युद्ध से पहले की परिस्थितियों को आधार बना कर कल्पना एवं तथ्यों के मिले जुले स्वरूप से एक ऐसी दिलचस्प कहानी को गढ़ा गया है जिसमें कृष्ण की सामान्य सी दिखने वाली चाल..हरकत या हल्की सी जुम्बिश के पीछे भी कोई न कोई गहरी सोच या ठोस योजना मूर्त रूप लेती दिखाई देती है। 

इस दिलचस्प उपन्यास में एक तरफ़ कहानी है उस वीर बाल शोण की जिसने आर्य होते हुए भी विसर्पियों के दुःख.. उनकी वेदना को अपना समझ उसका निराकरण करने का अपनी तरफ़ से भरसक प्रयास किया। विसर्पी वो, जो नागों और मनुष्यों के संगम से उत्पन्न हुए और अपने मूल ठिकाने खाण्डव वन के उजड़ने के बाद से नागों की शरणस्थली में मात्र इस वजह से उनके दास बने बैठे थे कि आर्य उन्हें अपना नहीं मान दुत्कार रहे थे और नागों ने अपने लोभ की वजह से उनका दोहन करने को उन्हें जैसे-तैसे स्वीकार कर लिया था। 

दूसरी तरफ़ इस उपन्यास में कहानी है उस युवा शोण की जिसे नागलोक के निकटवर्ती राज्यों, चिरपुंज और अनंतपुर को आपसी दुश्मनी भूल कौरवों के पांडवों से होने वाले संभावित युद्ध में पांडव पक्ष का समर्थन देने के लिए मनाने के लिए कृष्ण ने अपने संदेश के साथ भेजा है। एक सीधे से दिख रहे पंथ के पीछे कृष्ण की मंशा अनेक काज निबटाने की है जिसमें नागवंश के नाश के साथ- साथ विसर्पियों की नागवंश से मुक्ति भी है। 

इस उपन्यास में एक तरफ़ कहानी है विसर्पियों के नागों के प्रति तमाम समर्पण..प्रतिबद्धता एवं एकनिष्ठा की तो वहीं दूसरी तरफ़ इस उपन्यास में बात है उनके प्रति नागों की बर्बरता एवं क्रूरता से भरे पैशाचिक अत्याचार की। इसी उपन्यास में कहीं कृष्ण की हर क्रिया-प्रक्रिया और मंशा के पीछे ढकी-छिपी गहरी कूटनीतिक सोच दिखाई देती है जो समय आने पर पांडवों और स्वयं कृष्ण के पक्ष में अपने पूरे वजूद के साथ उजागर होती नज़र आती है। 

इस बात के लिए लेखक की तारीफ़ करनी होगी कि कल्पना, गहन अध्ययन एवं गहरे शोध के बाद लिखे गए इस कदम-कदम पर चौंकाने वाले बेहद रोमांचक उपन्यास में लेखक ने अपने हुनर से रहस्य, गुप्तचरी और युद्ध कौशल का ऐसा बेहतरीन समां बाँधा है कि पाठक कहानी के साथ उसकी रौ में अंत तक बहता चला जाता है। दिलचस्प अंदाज़ में लिखे गए इस उपन्यास में लेखक ने अपनी बात को तथ्यात्मक रूप से सही एवं प्रमाणित साबित करने के लिए जगह-जगह पर विभिन्न ग्रंथों के दर्ज श्लोकों का उनकी पृष्ठ संख्या के साथ उदाहरण दिया है। 

इसी तरह की शैली और विषय को ले कर अँग्रेज़ी में लिखे गए एक प्रसिद्ध उपन्यास के हिंदी अनुवाद की लचर भाषा की बनिस्बत इस उपन्यास की भाषा समय, काल एवं वातावरण के हिसाब से एकदम सही समय लगी। साथ ही उपन्यास में एक दो जगहों पर 'गपक लिया' जैसे शब्दों का प्रयोग 'निगलने' के लिए किया गया जो कि थोड़ा अजीब लगा।

उम्मीद की जानी चाहिए कि इस वृहद उपन्यास श्रृंखला पर जल्द की कोई बड़े बजट की हॉलीवुड या राजामौली टाइप की फ़िल्म या वेब सीरीज़ देखने को मिलेगी। 

प्रूफरीडिंग की कमी के तौर पर पेज नंबर 35 के अंतिम पैराग्राफ़ में लिखा दिखाई दिया कि..

'मर्मर ध्वनियां असहमति और असहमति विवाद में बदलने लगीं'

इस वाक्य में मेरे ख्याल से 'असहमति और असहमति विवाद में बदलने लगीं'की जगह 'सहमति और असहमति के विवाद में बलने लगीं' आना चाहिए। 

रोमांचक सफ़र पर ले जाते इस दिलचस्प उपन्यास के 455 पृष्ठीय पेपरबैक संस्करण को छापा है हिन्द युग्म ने और इसका मूल्य रखा गया 250/- जो कि क्वालिटी एवं कंटैंट को देखते हुए जायज़ है। आने वाले उज्ज्वल भविष्य के लिए लेखक एवं प्रकाशक को बहुत-बहुत शुभकामनाएं। 

0 comments:

 
Copyright © 2009. हँसते रहो All Rights Reserved. | Post RSS | Comments RSS | Design maintain by: Shah Nawaz